25.10.26 – By NewsIP Bureau – New Delhi – राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर और राजस्थानी मित्र मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वाइब्रांज़ा 2026 में AIIMS में NORCET-9 और NORCET-10 के माध्यम से चयनित नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया। नई दिल्ली के छतरपुर स्थित आध्यात्म साधना केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवाओं में उनकी भूमिका और समाज के प्रति जिम्मेदारी को रेखांकित किया गया।
Perfect Group के चेयरमैन और राजस्थान फाउंडेशन, दिल्ली चैप्टर के अध्यक्ष CA (Dr.) रामावतार किला ने नवनियुक्त नर्सिंग अधिकारियों का स्वागत करते हुए उनकी मेहनत, लगन और सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि चिकित्सा और नर्सिंग केवल पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा करने का अवसर है।
डॉ. किला ने “नर सेवा ही नारायण सेवा है” का संदेश देते हुए कहा कि जरूरतमंदों की देखभाल करना, मरीजों को संबल देना और कठिन समय में उनके साथ खड़े रहना समाज के प्रति महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक सरोकारों में डॉक्टरों और नर्सिंग अधिकारियों के योगदान की सराहना की तथा नवनियुक्त अधिकारियों को उनकी नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं।
श्याम जाजू ने स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका को सराहा
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्याम जाजू ने अपने संबोधन में डॉक्टरों और नर्सों की सामाजिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्यकर्मी लोगों को उपचार देने के साथ उनमें विश्वास और उम्मीद भी जगाते हैं। स्वस्थ समाज के निर्माण में उनका योगदान महत्वपूर्ण है और उनकी मेहनत तथा समर्पण को उचित सम्मान मिलना चाहिए।
कॉरपोरेट और वित्तीय क्षेत्र की हस्तियां शामिल
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथियों के रूप में के.सी. जैन, IRS (सेवानिवृत्त); Bagrrys’ Group के संस्थापक श्याम बागड़ी; Anmol Industries Ltd. के पूर्णकालिक निदेशक गोबिंद चौधरी; EY के पूर्व वरिष्ठ पार्टनर राज अग्रवाल; Concentrix के कंट्री फाइनेंस कंट्रोलर CA सुनील गुप्ता; तथा VLS Finance के डायरेक्टर ऑफ फाइनेंस एवं CFO के.के. सोनी उपस्थित रहे।
वाइब्रांज़ा 2026 के माध्यम से आयोजकों ने स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े पेशेवरों के योगदान को सम्मान देने और समाज में सेवा, संवेदनशीलता तथा मानवीय मूल्यों को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में इस विचार पर जोर दिया गया कि ज्ञान और क्षमता का उपयोग दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए करना ही सेवा की भावना का महत्वपूर्ण रूप है।






































