नई दिल्ली, 15 अक्टूबर 2026 : भारतीय जनता पार्टी के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने आज बुधवार को नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सरदार आर. पी. सिंह भी उपस्थित थे। उन्होंने पंजाब में बिगड़ती कानून-व्यवस्था, नशे, गैंगस्टरवाद और आर्थिक बदहाली के लिए आम आदमी पार्टी सरकार को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया। नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले की हत्या से दहला पंजाब
सरदार केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि पंजाब में सबसे बड़ा मुद्दा नशे का है। कल ही 13 अक्टूबर को मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जो नशे के खिलाफ आवाज उठाते थे। वह एक ऐसी केमिस्ट की दुकान के पास खड़े थे, जहां से नशा बेचे जाने की बात सामने आई थी। उन्होंने किसी व्यक्ति को नशा लेते हुए पकड़ा था, लेकिन नशा कारोबारियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने सरेआम उन्हें गोलियां मार दीं।
उन्होंने कहा कि इस हत्या के लिए आम आदमी पार्टी की सरकार जिम्मेदार है। हत्या के बाद परमिंदर सिंह झोटा के पिता ने भी कहा कि स्थानीय विधायक की शह पर यह सब हो रहा है। इस मामले में पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस पर भरोसा नहीं होने के कारण हमने राज्यपाल को पत्र लिखकर मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। आज पूरे पंजाब में जिला स्तर पर इस घटना के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि पंजाब में ऐसा क्या हो गया है कि कानून-व्यवस्था पूरी तरह तहस-नहस हो चुकी है। आज सुबह ही पंजाब पुलिस के एक कर्मचारी को बीएसएफ के जवानों ने 15 किलो हेरोइन के साथ पकड़ा। वह पुलिस कर्मचारी वीआईपी काफिले में ड्यूटी पर तैनात था। जब पंजाब पुलिस के कर्मचारी ही नशा तस्करी में पकड़े जा रहे हैं, तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है?
जंगलराज है, गुरु-पीरों का पंजाब आज चिट्टे के लिए बदनाम प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पंजाब गुरु-पीरों, पैगंबरों, देश के लिए लड़ने वाले वीरों, खिलाड़ियों और हरित क्रांति के लिए जाना जाता था। आज यह बहुत दुख की बात है कि वही पंजाब चिट्टे और नशे के लिए जाना जा रहा है। आज पंजाब में कानून-व्यवस्था जैसी कोई व्यवस्था नहीं रह गई है और वहां जंगलराज है। उन्होंने कहा कि पंजाब में ऐसा कोई दिन नहीं जाता, जब सुबह उठने पर यह खबर न मिले कि इतने लोगों को गोलियों से मार दिया गया। कल अमृतसर में येस बैंक के एक मैनेजर को गोली मार दी गई। आज सुबह मोहाली में भी एक घर पर गोलियां चलाई गईं।
भाजपा का संकल्प – 31 मार्च 2029 तक नशामुक्त पंजाब सरदार ढिल्लों ने कहा कि नशे पर रोक लगाने के बजाय पंजाब में लोगों की आवाज दबाई जा रही है। नशा बंद नहीं हो रहा है, बल्कि नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को चुप कराया जा रहा है। आज पंजाब में आम आदमी पार्टी के लोग भी सुरक्षित नहीं हैं।
उन्होंने बताया कि इसके खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने एक बड़ी यात्रा भी निकाली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नितिन नवीन जी ने इस यात्रा की शुरुआत की। इसके बाद कई केंद्रीय मंत्री भी इसमें शामिल हुए। हमने चारों दिशाओं से यात्रा शुरू की और इसका समापन जालंधर में किया। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी ने एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया। श्री अमित शाह जी ने जनसभा में कहा था कि नशे को केवल भारतीय जनता पार्टी ही खत्म कर सकती है। उन्होंने 31 मार्च 2029 का लक्ष्य निर्धारित करते हुए कहा था कि पंजाब में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर नशे को जड़ से उखाड़ने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने भी पिछले महीने और इस महीने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में कहा कि भारत से नशे को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। भाजपा पंजाब को नशामुक्त बनाने और अपराध समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है।
पिछले एक महीने में हत्याओं की झड़ी उन्होंने आंकड़े देते हुए कहा कि 2026 में अब तक छह पुलिसकर्मियों को गोली मारकर मौत के घाट उतारा जा चुका है। जब लोगों की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाले पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की क्या उम्मीद की जा सकती है? • 18 सितंबर को अमृतसर में पुलिसकर्मी एएसआई हरजीत सिंह की गोली मारकर हत्या • 26 सितंबर को तरनतारन में सरपंच के पति नवदीप सिंह की गोली मारकर हत्या • 3 अक्टूबर को अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या • 11 अक्टूबर को तरनतारन में इंटेलिजेंस के एएसआई इकबाल सिंह की हत्या • 13 अक्टूबर को मानसा में परमिंदर सिंह झोटा की हत्या
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के शासन में कलाकारों, खिलाड़ियों, पुलिस कर्मचारियों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसरों और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की हत्याएं हो चुकी हैं। इनमें प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला, मशहूर कबड्डी खिलाड़ी संदीप नंगल अंबिया और कबड्डी खिलाड़ी गुरविंदर सिंह शामिल हैं। खेलों को बढ़ावा देने वाले राणा बलाचरिया की भी हत्या हुई। अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल पर हमला हुआ और भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड फेंका गया।
उन्होंने कहा कि पंजाब में पुलिस थाने तक सुरक्षित नहीं हैं। मोहाली में पुलिस थानों पर बम फेंके जा रहे हैं। मोहाली और तरनतारन में आरपीजी हमले हुए तथा अजनाला पुलिस स्टेशन पर भी हमला किया गया। पुलिस थानों और चौकियों पर ग्रेनेड फेंके जा रहे हैं। लोग घर बेचकर पलायन को मजबूर
सरदार ढिल्लों ने कहा कि हालात ऐसे हैं कि लोगों ने अपने घर बेचने शुरू कर दिए हैं और घरों के बाहर मकान बिकाऊ होने के पोस्टर लगा दिए हैं। हमने फरीदकोट जाते समय सैकड़ों लोगों के घरों के बाहर ऐसे पोस्टर देखे। जब हमने स्थानीय प्रधान से पूछा कि लोग अपने घर क्यों बेच रहे हैं, तो उन्होंने बताया कि लोग इसलिए घर छोड़ रहे हैं, क्योंकि वहां नशा बिकता है। कोई भी नहीं चाहता कि उसके बच्चों को नशे की लत लगे। आर्थिक बदहाली और कर्ज का बोझ
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने पंजाब को बर्बाद कर दिया है। कभी देश के अग्रणी राज्यों में शामिल पंजाब आज 22वें स्थान पर पहुंच गया है। नीति आयोग के आंकड़ों के अनुसार, पंजाब अब 17वें स्थान पर पहुंच गया है।
पिछले 60 वर्षों में राज्य पर 2.82 लाख करोड़ रुपये का कर्ज था, लेकिन इस सरकार ने चार साल से भी कम समय में इसे बढ़ाकर पांच लाख करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया है। पंजाब में भ्रष्टाचार की हद हो चुकी है और भ्रष्टाचार मुख्यमंत्री के दरवाजे तक पहुंच गया है। गैंगस्टरवाद और फिरौती के कारण व्यापारी पंजाब छोड़कर जा रहे हैं और उद्योग भी राज्य से बाहर जा रहे हैं।
पंजाब में आज आठ से दस घंटे तक बिजली कटौती हो रही है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने कोयले की पर्याप्त व्यवस्था के लिए कोई योजना नहीं बनाई। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दावा किया था कि सरकार ने पचवाड़ा में कोयला खदान हासिल कर ली है और पंजाब में 30 वर्षों तक कोयले की कोई कमी नहीं होगी। इसके बावजूद राज्य के चार बिजली संयंत्र बंद पड़े हैं। इससे उद्योगों को परेशानी हो रही है। जब उद्योग पंजाब छोड़कर जा रहे हैं, तो राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाने के बजाय केंद्र सरकार पर दोष मढ़ देती है।
सरकारी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (डीए) नहीं मिल रहा है और वे अपनी मांगों को लेकर हड़ताल करने पर मजबूर हैं। देश के अन्य राज्यों में कर्मचारियों को 60 प्रतिशत डीए दिया गया है, जबकि पंजाब सरकार केवल 42 प्रतिशत डीए देने की बात कर रही है। वह भी चार किस्तों में दिया जाना है और पहली किस्त में भी कर्मचारियों के साथ धोखा हुआ है।
अब धान की खरीद का मौसम आ गया है, लेकिन मंडियों में पानी भरा हुआ है। हमने मंडियों में तीन-तीन फुट तक पानी भरा देखा। किसान इतनी मेहनत से धान की फसल उगाकर मंडियों में लेकर आते हैं, लेकिन उनकी फसल पानी में तैर रही है, मानो किसी नदी या तालाब में पड़ी हो। भाजपा का ट्रैक रिकॉर्ड ही जादू है
लोग पूछते हैं कि भाजपा के पास ऐसा कौन-सा जादुई उपाय है, जिससे पंजाब से नशे को खत्म किया जा सकता है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी का अपना ट्रैक रिकॉर्ड है। अगर भाजपा उत्तर प्रदेश में गैंगस्टरवाद को खत्म कर सकती है, तो पंजाब में भी नशे और अपराध पर लगाम लगा सकती है।
मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान केंद्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी भी नशे के खिलाफ निकाली गई यात्रा में शामिल हुए थे। जब श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री का पद संभाला था, तब चंबल घाटी में डाकुओं का आतंक था। उन्होंने सात दिनों के भीतर डाकुओं का सफाया करने का लक्ष्य रखा था। झारखंड में नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई और जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को समाप्त करना भी भाजपा के कार्यों का हिस्सा है।
अंत में उन्होंने कहा कि पंजाब में जंगलराज जैसी स्थिति पैदा हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान को एक मिनट भी अपने पद पर बने रहने का अधिकार नहीं है। उन्हें स्वयं पद छोड़कर तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए। मुख्यमंत्री ही राज्य के गृह मंत्री भी हैं। जब भाजपा ने नशे के खिलाफ यात्रा निकाली, तो लोगों ने कहा कि नशे के खिलाफ भाजपा जो काम कर रही है, वह बहुत पुण्य का काम है। नशे से पीड़ित परिवारों की बहनों और माताओं की पीड़ा इतनी दर्दनाक है कि उनकी बातें सुनकर मौजूद अधिकारी भी भावुक हो गए। लोग चुनाव आचार संहिता लागू होने का इंतजार कर रहे हैं। आचार संहिता लागू होते ही लोग आम आदमी पार्टी के नेताओं को गांवों में प्रवेश नहीं करने देंगे।







































