रोहतक, 26 नवंबर 2026। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसीसुपवा) में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से संविधान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया गया।
इस दौरान उपस्थितजनों ने भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष और लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता प्रदान करने के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन कर की गई।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट डॉ. तरन्नुम खान कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहीं। सुपवा की ओर से रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा ने उनका स्वागत किया। एडवोकेट दिव्या ने बताया कि संविधान सभा ने 26 नवंबर 1949 को भारतीय संविधान अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में हर वर्ष संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने बताया कि संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और इस दिन गणतंत्र दिवस मनाया जाता है।
डॉ. तरन्नुम खान ने मौलिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों, लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों की जिम्मेदारियों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता, समानता और लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार है। उन्होंने नागरिकों से संविधान का सम्मान करने और उसके आदर्शों व मूल्यों का पालन करने का आह्वान किया।उन्होंने उपस्थितजनों को जिम्मेदार नागरिक बनने, आपसी भाईचारा बनाए रखने, सामाजिक सद्भाव बढ़ाने और राष्ट्र की प्रगति में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों ने संविधान के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की। डीन स्टूडेंट वेलफेयर विनय कुमार ने सीजेएम और एडवोकेट का सुपवा पहुंचने पर आभार जताया। कार्यक्रम में टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।





































